🛑जामुल थाने में दोनों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज
भिलाईनगर, 21 जनवरी 2026। नगर पालिका परिषद जामुल के वार्ड क्रमांक 05 के पार्षद और एक स्थानीय व्यापारी के बीच आपसी विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना 20 जनवरी 2026 की दोपहर लगभग 3:30 बजे ठेठवार मोहल्ला, वर्मा के घर के पास की बताई जा रही है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर जामुल थाना पुलिस ने अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पार्षद की शिकायत पर अपराध दर्ज
जामुल पुलिस के मुताबिक वार्ड 05 गणेश नगर निवासी पार्षद दीपक गुप्ता (उम्र 54 वर्ष) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह नगर पालिका परिषद कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान केशव सोनी ने उनका रास्ता रोककर बिना कारण गाली-गलौच शुरू कर दी। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद के सिर, बाईं आंख और दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई तथा खून निकलने की बात कही गई है।
पुलिस ने दीपक गुप्ता की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 0041/26 दर्ज कर आरोपी केशव सोनी के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत मामला कायम किया है।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
वहीं दूसरे पक्ष से केशव सोनी (उम्र 43 वर्ष), निवासी रावण भाठा जामुल, जो सोनी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं, ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। केशव सोनी का कहना है कि वह गांव किरना (तिल्दा नेवरा) से धान बेचकर लौट रहे थे, तभी ठेठवार पारा सुभाष नगर में दीपक गुप्ता ने उन्हें रोक लिया और पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौच करते हुए प्लास्टिक पाइप से मारपीट की। इसके बाद दीपक गुप्ता ने अपने भाई बबलू गुप्ता को भी बुला लिया, जिन्होंने मिलकर मारपीट की।
इस घटना में केशव सोनी के होंठ, दाहिने हाथ की उंगली और दोनों पैरों की जांघ में चोट आने की बात कही गई है।
केशव सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0043/26 दर्ज कर दीपक गुप्ता और बबलू गुप्ता के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
पुलिस कर रही जांच
जामुल थाना पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में विवेचना जारी है। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

