ऑनलाइन पार्ट-टाइम JOB के नाम पर 7.76 लाख की ठगी, थाना भिलाई भट्ठी में FIR दर्ज

ऑनलाइन पार्ट-टाइम JOB के नाम पर 7.76 लाख की ठगी, थाना भिलाई भट्ठी में FIR दर्ज


भिलाईनगर, 21 जनवरी 2026। ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद भिलाई भट्टी पुलिस के द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

भिलाई भट्टी पुलिस के मुताबिक पीड़िता तरन्नूम राशिद पति मोहम्मद शाहिद (उम्र 36 वर्ष), निवासी क्वार्टर नं. 22-बी, सड़क-1, सेक्टर-1 भिलाई में रहती है।
शिकायत के अनुसार 8 जनवरी 2026 को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऑनलाइन जॉब का एक विज्ञापन आया। लिंक स्वीकार करने पर एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर खुला, जहां पार्ट-टाइम ऑनलाइन जॉब कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद पीड़िता को टेलीग्राम अकाउंट बनवाकर संपर्क में रखा गया।
आरोपियों द्वारा बताए गए यूपीआई के माध्यम से गूगल-पे से किश्तों में 09 एवं 10 जनवरी 2026 के बीच कुल 1,80,600 रुपये जमा कराए गए। बाद में यह कहकर कि रकम शेयर मार्केट में निवेश कर दी गई है और वह दोगुनी हो गई है, पैसा निकालने के लिए और निवेश करने का दबाव बनाया गया।
इसके तहत आरोपियों ने एसबीआई बैंक सम्पूर्ण नगर शाखा के एक खाते में 2,46,000 रुपये तथा एसबीआई करलपुरा शाखा के एक अन्य खाते में 3,50,000 रुपये नकद जमा करवाए। जब पीड़िता ने टेलीग्राम के माध्यम से अपनी रकम वापस मांगी, तो अज्ञात टेलीग्राम अकाउंट @CFO_WITHDRAW_SERVICE के धारक ने पुनः 6 लाख रुपये जमा करने की मांग की।
तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। अज्ञात व्हाट्सएप नंबर एवं टेलीग्राम अकाउंट धारकों द्वारा कुल 7,76,600 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी में प्रथम दृष्टया अपराध धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।