🛑चोरों ने किया सोना-चांदी के जेवर व नकदी पर हाथ साफ
भिलाईनगर, 19 जनवरी 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चरोदा बस्ती में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी भिलाई पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जय स्तंभ चौक, चरोदा बस्ती निवासी हरीश लहरे (32 वर्ष), पिता दिलीप लहरे, जिनकी पंचशील नगर चरोदा में खेलकूद सामग्री की दुकान है, 13 जनवरी को सुबह करीब 7:30 बजे अपने परिवार के साथ जगन्नाथपुरी (उड़ीसा) घूमने गए थे।
17 जनवरी की रात करीब 3:30 बजे जब वे घर लौटे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और ताला लटका हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पाया गया कि घर में रखी तीनों अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
अलमारियों में रखे सोना-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान गायब मिले। चोरी गए सामान में 2 तोला वजनी सोने के झुमके, 7 ग्राम वजनी सोने की चैन, 5 ग्राम वजनी सोने की बाली, एक छोटा सोने का बाली, सोने की तीन फुल्ली, चांदी का ग्लास, चांदी के 7 सिक्के, लगभग 30 ग्राम वजनी चांदी की बिछिया-अंगूठी, चांदी की मछली, एक ईयरपॉड, चांदी का ब्रेसलेट, करीब 15 हजार रुपये नगद तथा अन्य सामग्री शामिल है। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 85 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0033/26 धारा 305(ए) एवं 331(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।

