दुर्ग, 18 जनवरी 2026 । मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने सख़्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ Zero Tolerance नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की गई।
16 जनवरी को दुर्ग जिले के नगर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेला सहित प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात कर सघन निगरानी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ असामाजिक किस्म के युवक बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय और अव्यवस्था फैलने की आशंका थी।
पुलिस ने ऐसे तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की। युवकों से लोहे के कड़े उतरवाए गए और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की स्पष्ट चेतावनी दी गई। इस अभियान के तहत पुलिस ने लगभग 350 लोहे के कड़े जप्त किए।
दुर्ग पुलिस की इस प्रभावी और समयोचित कार्रवाई से मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अनुशासन बना रहा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना के साथ पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मड़ई मेला, बाजार, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने, भय का माहौल बनाने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के सख़्त और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनसुरक्षा सर्वोपरि है — कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

