ब्याज की रकम के विवाद में हुई हत्या, फरार 11वां आरोपी भी गिरफ्तार

ब्याज की रकम के विवाद में हुई हत्या, फरार 11वां आरोपी भी गिरफ्तार


🛑सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अब तक 11 आरोपी जेल में


दुर्ग, 15 जनवरी 2026। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने ब्याज के पैसों के लेन-देन को लेकर हुई हत्या के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रकरण के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

ब्याज विवाद बना हत्या की वजह

प्रकरण का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया वी. रानी सोनी पति वेदुरवाडा संतोष आचारी (46 वर्ष), निवासी शीतला नगर वार्ड क्रमांक 5, दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली में जुबानी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थिया ने बताया कि उसके पति संतोष आचारी सोना-चांदी एवं ब्याज पर रकम देने का कार्य करते थे। आरोपी चैत्रराम सोनी उर्फ दादू को उसके पति ने कुछ रकम उधार दी थी, जिसे वह लंबे समय से वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कई बार विवाद हो चुका था।

फोन पर बताया विवाद, सुबह मिली हत्या की सूचना

दिनांक 07 नवंबर 2025 को रात करीब 3 से 4 बजे संतोष आचारी ने फोन कर अपनी पत्नी को बताया कि पैसे मांगने को लेकर दादू सोनी और उसके बेटे व साथियों से विवाद हुआ है।
सुबह करीब 7 बजे अस्पताल से फोन आया, जिसमें संतोष आचारी की हत्या हो जाने की सूचना दी गई।

हत्या का मामला दर्ज, 10 आरोपी पहले ही गिरफ्तार

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 567/2025 धारा
103(1), 331(8), 111(2)(ए) बीएनएस
के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान घटना स्थल निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल
चैत्रराम सोनी उर्फ दादू, मनीष सोनी, तरुण सोनी, शिवा सोनी, अनिल कुमार यादव, हिरा सोनी, अमन उर्फ टिकेन्द्र तिवारी, राहुल ढीमर, घनश्याम ढीमर एवं योगेश ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जप्त किए गए। सभी को 08 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

फरार आरोपी धनराज सेन गिरफ्तार

प्रकरण की विवेचना के दौरान 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी धनराज सेन उर्फ धन्नु शिवनाथ नदी स्थित शिव मंदिर के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण—धनराज सेन उर्फ धन्नु, पिता स्व. रामनारायण सेन, उम्र 28 वर्ष, निवासी ढीमर पारा, दुर्ग।


एक आरोपी अब भी फरार


पुलिस ने बताया कि प्रकरण का एक अन्य आरोपी अर्पित सिंह अभी फरार है, जिसकी पतासाजी जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस की सख्त चेतावनी

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध एवं हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।