Durg में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस समारोह का शुभारंभ

Durg में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस समारोह का शुभारंभ


🛑डिस्ट्रिक्ट इनक्यूबेशन हब दुर्ग में 15 स्टार्टअप स्टॉल की प्रदर्शनी लगी


दुर्ग, 15 जनवरी 2026। डिस्ट्रिक्ट इनक्यूबेशन हब दुर्ग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस समारोह का तीन दिवसीय आयोजन 15 से 17 जनवरी तक किया जा रहा है। यह आयोजन टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) इन्क्यूब फाउंडेशन, मुंबई के सहयोग से साइंस कॉलेज परिसर स्थित जिला इनक्यूबेशन हब, दुर्ग में आयोजित हो रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन आज सुबह 11:30 बजे शासकीय वी.वाई.टी. पीजी स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य डॉ अजय कुमार सिंह द्वारा किया गया।


स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास


आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में स्टार्टअप और उद्यमिता संस्कृति को सशक्त बनाना, युवाओं को स्वरोजगार एवं नवाचार के लिए प्रेरित करना तथा स्थानीय स्टार्टअप्स को बाज़ार से जोड़ना है। यह तीन दिवसीय आयोजन जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


15 स्टार्टअप स्टॉल लगे, नवाचारों की झलक


कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्टार्टअप प्रदर्शनी रही, जिसमें नए उद्यमियों द्वारा 15 स्टॉल लगाए गए हैं। स्टार्टअप संस्थापकों द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं मार्केटिंग से जुड़ी जानकारियाँ साझा की जा रही हैं।
यह प्रदर्शनी 15 और 16 जनवरी को प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक शासकीय वी.वाई.टी. पीजी स्वशासी महाविद्यालय परिसर में आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।


प्रदर्शनी में—


उपयोगी घरेलू उत्पाद
आकर्षक होम डेकोर सामग्री
विभिन्न खाद्य उत्पाद
इलेक्ट्रिक वाहन से जुड़े नवाचार
सौंदर्य एवं पर्सनल केयर उत्पाद
प्रदर्शित किए जा रहे हैं।


60 से अधिक स्टार्टअप्स को मिल चुका है प्रशिक्षण


डिस्ट्रिक्ट इनक्यूबेशन हब के संचालक एवं टीआईएसएस इन्क्यूब फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर समीरान मित्र ने चर्चा में बताया कि इस इनक्यूबेशन सेंटर में नए उद्यमियों को उनके नवाचार आधारित विचारों पर प्रशिक्षण दिया जाता है तथा स्टार्टअप स्थापित करने हेतु आवश्यक शासकीय दस्तावेज, पंजीयन और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अब तक इस केंद्र के माध्यम से 60 से अधिक नए उद्योगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।


आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा


16 जनवरी को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस का औपचारिक समारोह आयोजित किया जाएगा।
17 जनवरी को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक उद्यमिता यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका उद्देश्य उद्यमिता को जिले के कोने-कोने तक पहुंचाना है।


नागरिकों से सहभागिता की अपील


जिला प्रशासन एवं आयोजकों द्वारा जिले के विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्टार्टअप प्रदर्शनी में सहभागिता कर नवाचारों को नजदीक से समझें, स्टार्टअप संस्थापकों से संवाद कर उद्यमिता संबंधी जानकारी प्राप्त करें और आत्मनिर्भर दुर्ग के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।