🛑वैशाली नगर थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
भिलाईनगर, 14 जनवरी 2026। रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर 13 जनवरी को थाना वैशाली नगर में आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
वैशाली नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मुकेश कुमार कोसरे, निवासी वृन्दा नगर, केम्प-01, वार्ड क्रमांक 19, भिलाई ने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल पिता श्री संतराम जायसवाल, निवासी जोन-3, खुर्सीपार, भिलाई ने बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया था। उसे रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
नकद और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से ली रकम
प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने 1 सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच विभिन्न किश्तों में उससे कुल 14,50,000 रुपये प्राप्त किए।
आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने और नौकरी नहीं लगने की स्थिति में पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था।
न नौकरी लगी, न पैसा लौटा
लंबा समय बीतने के बावजूद न तो नौकरी लगी और न ही आरोपी ने रकम वापस की। लगातार मांग करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में अपना निवास स्थान छोड़कर कहीं और चला गया। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए प्रार्थी ने अंततः पुलिस की शरण ली।
धारा 420 के तहत अपराध दर्ज
थाना वैशाली नगर पुलिस द्वारा शिकायत एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने पर आरोपी अभिषेक जायसवाल के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल भुगतान एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

