दुर्ग, 13 जनवरी 2026। डाक विभाग डिजिटल क्रांति की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में अब डाकघरों में डिजिटल माध्यम से भुगतान की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत ग्राहक क्यूआर कोड स्कैन कर एवं पीओएस मशीन के माध्यम से विभिन्न डाक सेवाओं का भुगतान कर सकेंगे।
यह सुविधा छत्तीसगढ़ परिमंडल के सभी विभागीय डाकघरों में लागू कर दी गई है। वर्तमान में स्पीड पोस्ट, पार्सल एवं अन्य सेवाओं के शुल्क का भुगतान इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया जा सकता है। ग्राहक अपने स्मार्टफोन के साथ-साथ डेबिट कार्ड एवं क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
डाक विभाग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समय की बचत करने वाली सेवाएं उपलब्ध कराना है। डिजिटल भुगतान सुविधा से लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी और नकद लेन-देन की आवश्यकता भी कम होगी।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, दुर्ग संभाग ने बताया कि डाक विभाग भविष्य में भी तकनीक आधारित सुविधाओं को बढ़ाकर आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

