🛑कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
भिलाईनगर,13 जनवरी 2026। थाना नंदिनी नगर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक कृष्णानंद यादव (उम्र 47 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, अहिवारा, 19 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5 बजे अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-07-DB-1585) से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बीएसपी अस्पताल के पास अहिवारा में सेडान कार क्रमांक CG-04-H-6575 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में कृष्णानंद यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल डायल 112 की सहायता से शासकीय अस्पताल अहिवारा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जुनवानी भिलाई रेफर किया। इलाज के दौरान 23 दिसंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में मर्ग क्रमांक 101/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की गई। जांच के दौरान परिजनों और गवाहों के कथन के आधार पर प्रथम दृष्टया कार चालक का कृत्य अपराध धारा 106(1) एवं 285 बीएनएस के अंतर्गत पाया गया। इसके बाद आरोपी चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

