🛑बर्थडे पार्टी से लौटते समय हुई दुर्घटना, चालक पर अपराध दर्ज
दुर्ग, 11 जनवरी 2026। थाना अंडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निकुम–मासाभाठ मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना 6 जनवरी 2026 की शाम की है, जब बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए।
मृतक की पहचान आयुष दास उर्फ नोहर दास (20 वर्ष), निवासी केम्प-01, तीन दर्शन मंदिर के पास, थाना छावनी, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आयुष अपने दोस्त टिकेन्द्र कुमार रजक की मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 DB 8435 में पीछे बैठकर ग्राम रूदा एक मित्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बर्थडे कार्यक्रम के बाद दोनों युवक वापस भिलाई लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम निकुम से मासाभाठ की ओर जाते समय मासाभाठ पुलिया के पास मोटरसाइकिल चालक टिकेन्द्र कुमार ने वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में आयुष दास को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में किया गया मृत घोषित
घटना के बाद डायल-112 की सहायता से घायल आयुष को जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में सुरक्षित रखा गया।
मर्ग जांच के बाद अपराध पंजीबद्ध
थाना अंडा में मर्ग क्रमांक 02/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच के दौरान गवाहों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथन दर्ज किए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बाइक चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई, जिससे आयुष दास की मृत्यु हुई।
पुलिस ने आरोपी चालक टिकेन्द्र कुमार रजक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

