Bhilai में क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 3 करोड़ से अधिक की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Bhilai में क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 3 करोड़ से अधिक की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


🛑6% मुनाफे का झांसा देकर 76 निवेशकों से की धोखाधड़ी, सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई


भिलाईनगर, 10 जनवरी 2026। सुपेला पुलिस ने फाइनेंस और क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने “फाइनेंस अप इनवेस्टमेंट कंसल्टेंसी” के नाम से नेहरू नगर, अग्रसेन चौक सुपेला में कार्यालय खोलकर निवेशकों को प्रतिमाह 6 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का लालच देकर करीब 3 करोड़ 8 लाख रुपये की ठगी की।
नगर पुलिस अधीक्षक मणी शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थी द्वारा 09 अक्टूबर 2025 को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी पहचान मार्च 2025 में हार्दिक कुदेशिया से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताते हुए निवेश पर 6 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज देने का भरोसा दिलाया। झांसे में आकर प्रार्थी ने स्वयं तथा अपने पिता के खातों से विभिन्न माध्यमों से 20 लाख रुपये आरोपी को निवेश के रूप में दिए।


ब्याज की राशि कुछ महीनों तक नियमित रूप से मिलती रही, जिससे विश्वास और गहरा गया। इसके बाद प्रार्थी के पिता द्वारा भी आरोपी के कहने पर उसकी माता के खाते में 4 लाख रुपये जमा कराए गए। अप्रैल से अक्टूबर 2025 तक ब्याज मिलता रहा, लेकिन नवंबर 2025 में ब्याज बंद हो गया। जब निवेशक आरोपी के कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय बंद मिला और बाद में पता चला कि आरोपी सभी निवेशकों की रकम लेकर फरार हो गया है।
प्रकरण की जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी एवं उसके साथियों का कृत्य धारा 318(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर थाना सुपेला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
क्रिप्टो ऐप के जरिए करता था लेन-देन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हार्दिक कुदेशिया ने वर्ष 2024 में फाइनेंस अप इनवेस्टमेंट एंड कंसल्टेंसी के नाम से कार्यालय खोलकर निवेशकों से इकरारनामा तैयार कराया। वह निवेशकों से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंकों — बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक एवं इंडसइंड बैंक — के खातों में जमा कराता था। बाद में बाइनेस ऐप के माध्यम से भारतीय मुद्रा को डॉलर में बदलकर क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग करता था।
ट्रेडिंग से हुए मुनाफे में से 6 प्रतिशत निवेशकों को तथा 3 प्रतिशत अपने साथियों को कमीशन देता था, जबकि शेष मूलधन अपने पास रखता था। आरोपी ने अब तक 76 निवेशकों से कुल 3,08,05,000 रुपये का निवेश कराया है।
आईफोन, लैपटॉप और कैश काउंटिंग मशीन जप्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन 16 प्रो, एक विक्टस लैपटॉप, रुपये गिनने की मशीन, निवेशकों के इकरारनामे एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रकरण की विवेचना जारी है।


सराहनीय भूमिका


उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक योगेश चंद्राकर एवं आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


गिरफ्तार आरोपी


हार्दिक कुदेशिया, पिता – अनुराग कुदेशिया, उम्र 22 वर्ष
निवासी – मकान नंबर 1453/डी, सड़क 30, शांति नगर
थाना – वैशाली नगर, जिला दुर्ग