Durg के सेलुद धान मंडी के पास नशे का कारोबार बेनकाब, 3 तस्कर गिरफ्तार

Durg के सेलुद धान मंडी के पास नशे का कारोबार बेनकाब, 3 तस्कर गिरफ्तार


🛑उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 से अधिक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जप्त


दुर्ग, 10 जनवारी 2026 । जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम सेलुद धान मंडी के पास नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकद राशि जप्त की गई है।
पुलिस को 9 जनवरी की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक सेलुद धान मंडी के पास नशीली टेबलेट रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम त्रिलोकी यादव (27 वर्ष, निवासी ग्राम सेलुद), चेमन विश्वकर्मा (20 वर्ष) एवं हकीम खान (24 वर्ष), दोनों निवासी इंदिरा नगर कुरूद, जिला धमतरी बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से Dicyclomine Hydrochloride, Tramadol Hydrochloride एवं Acetaminophen युक्त Proxiohm-Spas की कुल 412 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गई।
इसके साथ ही पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG05-AL-4236, तीन मोबाइल फोन एवं नकद राशि भी जप्त की। जप्त नशीली टेबलेट का कुल वजन लगभग 263 ग्राम बताया गया है, जबकि जुमला मशरूका की कीमत करीब 1.37 लाख रुपये आंकी गई है।
ड्रग निरीक्षक द्वारा मौके पर जांच के बाद टेबलेट को प्रतिबंधित नशीली दवा घोषित किया गया। आरोपियों के विरुद्ध थाना उतई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) एवं 8(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयाँ आगे भी लगातार जारी रहेंगी।