नंदनी मड़ई मेला में पुलिस की सख्ती, असामाजिक युवकों से 400 लोहे के कड़े जप्त

नंदनी मड़ई मेला में पुलिस की सख्ती, असामाजिक युवकों से 400 लोहे के कड़े जप्त



दुर्ग, 09 जनवरी 2026। नंदनी नगर थाना क्षेत्र में 7 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित मड़ई मेला को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस दौरान असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी गई।
मेला के दौरान पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर घूम रहे असामाजिक किस्म के युवकों को रोका और उनके पास से लोहे के कड़े उतरवाए। पुलिस ने ऐसे युवकों को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल करीब 400 लोहे के कड़े जप्त किए गए। पुलिस की इस त्वरित एवं सख्त कार्रवाई से मेला परिसर में शांति व्यवस्था बनी रही और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।