शास्त्री नगर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, नकाबपोश हमलावर फरार

शास्त्री नगर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, नकाबपोश हमलावर फरार



भिलाईनगर, 05 जनवरी 2026। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शास्त्री नगर केम्प–01 क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश सेन (52 वर्ष), निवासी शिव मंदिर के पास, उड़िया मोहल्ला, शास्त्री नगर केम्प–01, भिलाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र पूनाराम सेन उर्फ विक्की 18 नंबर रोड स्थित पटेल डेयरी के पास “द क्लासिक कट्स” नामक सैलून दुकान बंद कर 04 जनवरी 2026 की रात लगभग 9:30 बजे घर लौट रहा था।

जैसे ही वह घर के पास गली में पहुँचा, तभी वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने मुंह में गमछा बांध रखा था, ने हाथ में रखे चाकू से जान से मारने की नीयत से उस पर प्राणघातक हमला कर दिया।
हमले में चाकू युवक की पीठ में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में धीरज सेन, युवराज, संजय सेन सहित अन्य मोहल्लेवासियों के नाम सामने आए हैं। पीड़ित पिता ने थाने पहुंचकर देर रात पौने 12 बजे घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।