🛑450 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन व सीसीटीवी से होगी कथा स्थल की निगरानी
दुर्ग, 16 दिसंबर। ग्राम नागपुर में अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा 17 दिसंबर से 21 दिसंबर तक ग्राम आयोजित है। इस कार्यक्रम के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की आज समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में कार्यक्रम पूर्व आज रिहर्सल की गई। 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित 450 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी की तनाती की गई है। सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरे से कथा स्थल की निगरानी की जाएगी। असामाजिक तत्वों एवं चोरों की धरपकड़ के लिए पृथक से सादी वर्दी में पुलिस बल लगाया गया है।

जिला पुलिस प्रवक्ता श्रीमती पद्मश्री तवर ने बताया कि 17 से 21 दिसंबर तक ग्राम नगपुरा में प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा जैन मंदिर के पास ग्राम नगपुरा में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में प्रतिदिन विभिन्न गणमान्य नागरिकों सहित लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 450 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम स्थल का सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन कैमरे से निगाह रखी जाएगी साथ ही श्रद्धालुगणों के साथ असामाजिक तत्व तथा चोरों द्वारा अपराध घटित करने के अंदेशा पर शादी वर्दी में भी पृथक से पुलिस बल लगाया गया है। कार्यक्रम के एक दिवस पूर्व आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में रिहर्सल किया गया।

