🔴हवलदार की मौके पर हुई मौत, रायगढ़ पोस्ट सील, जांच शुरू
सीजी न्यूज ऑनलाइन 03 दिसंबर। रायगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल RPF पोस्ट के भीतर ही ड्यूटी के दौरान एक जवान ने अपने ही साथी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हेड कॉन्स्टेबल एस. लादेर ने प्रधान आरक्षक पीके मिश्रा पर सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायर कर दिए। घटना के बाद पूरे RPF महकमे में हड़कंप मच गया है।
रायगढ़ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट में बुधवार तड़के मौत की चीख गूंजी।जहाँ रात की ड्यूटी पर तैनात दो बैचमेट जवानों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उसका अंजाम भयावह हत्या में बदल गया। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल एस. लादेर, जो जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है, ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर अपने ही साथी पीके मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए। गोली लगते ही पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों जवान 2001 बैच के थे… एक साथ ट्रेनिंग की… और एक ही पोस्टिंग में रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे।
मृतक पीके मिश्रा मूल रूप से रीवा, मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और करीब साढ़े तीन साल पहले अनूपपुर से रायगढ़ ट्रांसफर होकर आए थे। वे परिवार के साथ रायगढ़ में रहते थे। वहीं आरोपी एस. लादेर भी अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ रायगढ़ में ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि रात में पीके मिश्रा रायगढ़ से किरोड़ीमल तक पेट्रोलिंग पर थे और कार्य पूरा कर सुबह लगभग 4 बजे वापस पोस्ट पहुंचे। उस दौरान एस. लादेर TA टेलीफोन अटेंडेंट ड्यूटी में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद कुछ ही मिनटों में इतना बढ़ गया कि एस. लादेर उत्तेजित होकर थाना में रखी पिस्टल उठाकर मिश्रा पर एक के बाद एक चार गोलियां दाग दीं। घटना होते ही थाना परिसर में अफरा–तफरी मच गई। कुछ ही देर में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए। फिलहाल RPF पोस्ट को सील कर दिया गया है, किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं है।
घटना के बाद बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद रायगढ़ पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है गोली के निशान, पिस्टल की सील, आरोपी की सर्विस वेपन की स्थिति सबकी बारीकी से जांच की जा रही है। उधर मृतक पीके मिश्रा की पत्नी भी घटनास्थल पहुंच चुकी हैं। उनका रो–रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) सैयद निहाल हसन ने भी कहा कि अभी विवाद की वजह साफ नहीं है। पूछताछ जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना की असली वजह क्या थी।
ये मामला RPF में अंदरूनी तनाव और ड्यूटी के दौरान मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कई सवाल खड़े करता है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ़ होगा कि आखिर वो कौन सा पल था जिसने दो साथी जवानों के बीच इतना बड़ा विवाद खड़ा कर दिया।फिलहाल आरोपी हिरासत में है, और पोस्ट को सील कर जांच जारी है।

