🔴सोमवार से धान खरीदी सामान्य होने की उम्मीद
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 20 नवंबर। प्रदेश कई जिलों में सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। हड़ताल की वजह से धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित हुई है। माना रहा है कि हड़ताल खत्म होने के बाद धान खरीदी व्यवस्था सामान्य जाएगी।
सहकारी समितियों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत रहे हैं। हड़ताल के चलते धान खरीदी व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की थी। नई नियुक्तियां की गई थी। अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। हड़ताली कर्मचारियों से चर्चा चल रही थी, और कई जगहों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई थी।
जिलों से हड़ताल खत्म होने की सूचना आ रही है। दुर्ग, बेमेतरा, कवर्धा, महासमुंद, और अन्य जिलों में हड़ताल खत्म हो चुकी है। रायपुर में हड़ताल खत्म होने की सूचना है। सूत्रों का दावा है कि सोमवार से व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
कबीरधाम में सहकारी समिति प्रबंधकों और ऑपरेटर्स की हड़ताल स्थगित
कबीरधाम जिले में बीते 3 नवंबर से चल रही जिला सहकारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा से मुलाकात कर हड़ताल स्थगन का पत्र सौंपा। जिला सहकारी संघ की ओर से कहा गया कि शासन द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। किसानों के हित को देखते हुए जिला सहकारी संघ के समस्त कर्मचारी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करते हैं और 21 नवंबर, शुक्रवार से अपने कार्य पर लौट जाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, संयुक्त कलेक्टर श्री आर बी देवांगन, उप पंजीयक सहकारिता श्री जी एस शर्मा, खाद्य अधिकारी श्री सचिन मरकाम, डीएमओ श्री अभिषेक मिश्रा, सीसीबी नोडल श्री आर पी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व जिला सहकारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

