दो दिन में सवा सौ जुआरी गिरफ्तार, तीन दर्जन मामले में 65 हजार रुपए बरामद
भिलाई नगर, 5 नवंबर। जिले में दीपावली पर रूपये दांव पर लगा हार जीत की महफिल सजाए लगभग सवा सौ लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। दो दिन में तीन दर्जन से भी अधिक मामले विभिन्न थाना में दर्ज हुए हैं। सभी मामलों में कुल 65 हजार 390 रुपए और ताश की पत्ती जब्त हुई है। जिले के जामुल, वैशाली नगर और पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस की छापामार कार्रवाई में कुछ बड़े व्यापारी भी जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किए गए, इन्हें पुलिस ने पकड़ा तो छुड़ाने के लिए कई लोग थाने पहुंचे। बाद में पुलिस ने मुचलका कार्रवाई करके इन्हें छोड़ा।
जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने आठ मामले दर्ज कर सोलह आरोपियों पर कार्रवाई की है। इनसे कुल 1 हजार 840 रुपए जब्त हुए हैं। खुर्सीपार पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक हजार रुपए, पुरानी भिलाई थाना ने सात लोगों से कुल 12 हजार 900 रुपए, भिलाई नगर पुलिस ने पांच जुआरियों से 3 हजार 250 रुपए, धमधा पुलिस ने 9 लोगों से 4 हजार 500 रुपए, दुर्ग कोतवाली पुलिस ने 3 लोगों से 550 रुपए, जामुल पुलिस ने 8 अलग-अलग मामले में 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 18 हजार 100 रुपए जब्त किया गया है। नेवई पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर इनके पास से 220 रुपए जब्त किए। पुलगांव पुलिस ने 15 लोगों को पकड़ा और 8 हजार 820 रुपए जब्त किए। सुपेला पुलिस ने 13 लोगों से 4 हजार 440 रुपए, उतई पुलिस ने 4 लोगों से 540 रुपए और वैशाली नगर पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार कर 9 हजार 220 रुपए जब्त किए हैं।

