ऊंची टंकी से कूद अज्ञात युवक ने दी जान, बीमारी से परेशान वृद्ध ने लगा ली फांसी
भिलाई नगर, 5 नवंबर। दुर्ग में एक निर्माणाधीन पानी के टंकी के ऊपर से कूद कर 25 साल के युवक ने खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई कर युवक के शव को पीएम के लए भेज दिया गया है।
पद्नाभपुर चौकी पुलिस ने बताया कि बीती देर रात डेढ़ बजे के करीब 24-25 साल की उम्र का युवक स्टेट पॉवर ग्रेड कंपनी के पास पहुंचा और निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया। इस दौरान वहां तीन मोहल्ले के लड़के पटाखा फोड़ रहे थे। उन्होंने उस लड़के को टंकी के ऊपर घूमते हुए देखा तो आवाज भी दी। लड़कों की आवाज सुनकर वह वहीं पर छिप गया। थोड़ी देर बाद लड़कों ने देखा कि युवक ने ऊपर से छलांग लगा दी। लड़कों के शोर मचाने पर मोहल्ले के बाकी लोग वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद लड़कों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। नजदीक जाकर देखने पर लड़के का सिर फट गया और अधिक खून निकलने से उसकी मौत हो गई थी। युवक सावले रंग का है, उसने सफेद लाइन वाला काले रंग का ट्रैक सूट और नीले रंग का हाफ पैंट पहने हुए है। युवक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी फोटो को पुलिस ग्रुप में डाला है। युवक के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। वहीं दुर्ग के ही पद्मनाभपुर चौकी अंतर्गत एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके दूर के रिश्तेदारों ने पुलिस में शिकायत कर मर्ग कायम करवाया है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग के परिवार में कोई नहीं है। उसकी पत्नी तीन साल पहले गुजर गई है। कोई औलाद न होने से वह अकेला था। वह रायपुर नाका में हीरा दुबे के मकान पर किराए से रहता था। बताया जा रहा है कि उसे कोई बीमारी काफी लंबे समय से थी। जिससे वह काफी परेशान रहता था। इसी बीमारी के चलते उसने बीती देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

