छत्तीसगढ़ में ACB के ट्रैप में फंसे रिश्वतखोर बीएमओ, ASI एवं पैरालोगल वॉलिंटियर

छत्तीसगढ़ में ACB के ट्रैप में फंसे रिश्वतखोर बीएमओ, ASI एवं पैरालोगल वॉलिंटियर


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को दो जिलों सक्ती और कोरिया में हुई कार्रवाई ने सरकारी महकमे में हडकंप मचा दिया। सक्ती जिले के डभरा में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) राजेन्द्र पटेल को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, वहीं कोरिया जिले के पटना थाना में पदस्थ एएसआई पोलीकार्प टोप्पो और न्यायालय में नियुक्त पीएलवी (पैरालीगल वॉलेंटियर) राजू को 12 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।

Oplus_16908288

एसीबी सूत्रों के मुताबिक प्रार्थी उमेश कुमार चंद्रा, निवासी डभरा, जिला सक्ती द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि वह ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कार्यालय डभरा, जिला सक्ती में बाबू के पद पर पदस्थ है। उसकी यात्रा भत्ता बिल राशि के भुगतान के एवज में डभरा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) राजेन्द्र कुमार पटेल द्वारा 32,500 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें से 16,500 रूपये एडवांस के रूप में ले लिया गया था। शिकायत सत्यापन के दौरान मोलभाव कर 15,000 रूपये और लेने के लिये आरोपी सहमत हुआ। आज ट्रेप आयोजित कर आरोपी राजेंद्र कुमार पटेल, बीएमओ, डभरा को प्रार्थी से दूसरी किश्त के रूप में 15,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।

Oplus_16908288

कोरिया में थाना पटना का ASI. रिश्वत लेते गिरफ्तार

प्रार्थी मो. शाह खान, निवासी ग्राम खोड, तहसील पटना, जिला-कोरिया द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की गई थी कि उसकी छोटी बेटी आशिया नाज को अश्वनी कुमार उर्फ पिन्टू निवासी ग्राम खोड़ ने अपने मोटर सायकल से एक्सीडेंट कर दिया था जिससे उसकी बेटी आशिया का पैर टूट गया था। उसके द्वारा 27 सितंबर 2025 को थाना पटना में एफ.आई.आर. दर्ज कराया गया था। रिपोर्ट दर्ज कराने पश्चात् पुलिस सहायता केन्द्र पण्डोपारा, थाना पटना के ए.एस.आई. विवेचक पी. टोप्पो से मुलाकात करने पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने तथा आरोपी से ईलाज का खर्चा दिलवाने के नाम पर 10,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी पी. टोप्पो द्वारा 10,000 की जगह 15000 रूपये की मांग करने लगा, जिसमें से 3000 रूपये एडवांस के रूप में ले लिया गया। आज ट्रेप आयोजित कर आरोपी ए.एस.आई. पी. टोप्पो एवं उसके सहायक (निजी व्यक्ति) राजू कुमार देवांगन को प्रार्थी से दूसरी किश्त के रूप में 12,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 एवं 12 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।