एरियर्स भुगतान के बदले 80 हजार की रिश्वत : खंड शिक्षा अधिकारी फंसा ACB ट्रैप में

एरियर्स भुगतान के बदले 80 हजार की रिश्वत : खंड शिक्षा अधिकारी फंसा ACB ट्रैप में


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 02 सितंबर 2026। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जगदलपुर ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुकमा जिले के कोंटा में पदस्थ खंड शिक्षा अधिकारी चन्द्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मिसमा निवासी कवासी मंगल राम ने ACB जगदलपुर में शिकायत की थी कि उनकी पत्नी कवासी सुशीला कन्या आश्रम डूब्बाटोटा में अधीक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। वेतनमान निर्धारण के बाद उन्हें करीब 16 लाख रुपये की एरियर्स राशि का भुगतान होना था।

शिकायत के मुताबिक, एरियर्स राशि का भुगतान करवाने के एवज में खंड शिक्षा अधिकारी चन्द्र कुमार यारदा द्वारा कुल एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपये रिश्वत के रूप में मांगे जा रहे थे। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए ACB से शिकायत की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी अधिकारी पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेने के लिए सहमत हुआ। इसके बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की और 2 सितंबर 2026 को चन्द्र कुमार यारदा को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ACB ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।