🔴चनाट व रंगमटिया में गोल्ड ब्लॉक नीलामी अंतिम चरण में
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 08 सितम्बर 2026। महासमुंद जिला बहुमूल्य धातुओं की खान के रूप में देश के मानचित्र पर चमकने जा रहा है। जिले के बसना और सरायपाली अंचल में हीरा, सोना, निकल और क्रोमियम जैसी कीमती धातुओं के अकूत भंडार मिले हैं। शासन ने सरायपाली और बसना तहसील के अंतर्गत 8 प्रमुख माइनिंग ब्लॉक चिह्नित किए हैं, जहां वेदांता और डेक्कन गोल्ड जैसी दिग्गज बहुराष्ट्रीय कंपनियां उत्खनन और पूर्वेक्षण की कमान संभालने जा रही है।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सरायपाली के बलौदा बेलमुंडी क्षेत्र में 156.80 वर्ग किलोमीटर के विशाल रकबे में हीरे के भंडार की पुष्टि हुई है। राज्य शासन ने सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी मेसर्स एनएमडीसी-सीएमडीसी के पक्ष में 3 वर्षों के लिए पूर्वेक्षण अनुज्ञप्ति स्वीकृत कर दी है।
बीते महीने सरायपाली क्षेत्र में स्थित बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में हीरे की जांच की गई। पैर्किन गांव के किसान योगेश्वर बेहरा के खेत से लिए गए बल्क सैंपल की प्रोसेसिंग के बाद 5 हीरे मिले। जिनका कुल वजन 1.22 कैरेट है।
मालूम हो कि एनएमडीसी-सीएमडीसी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रदीप कुमार ने 22 जून को रायपुर स्थित भूविज्ञान एवं खनन संचालनालय ने (डीजीएम) के संचालक को इस बरामदगी की विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने आगे की कार्रवाई के लिए मार्गदर्शन भी मांगा है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में प्रॉस्मेक्टिंग लाइसेंस (पीएल) के तहत खनिज जांच का काम जारी है। सोने के लिए चनाट-, जोगीदादर सरायपाली में 1.76 वर्ग किमी ई-नीलामी प्रक्रिया जारी है। साथ ही रंगमटिया ब्लॉक सरायपाली में 2.00 वर्ग किमी शासन स्तर से नीलामी प्रक्रियाधीन है।
साथ ही निकल के लिए भालूकोना, जमनिडीह, बसना, सरायपाली में 30.00 वर्ग किमी डेक्कन गोल्ड माईस से 2027 तक अनुबंध हुआ है। निकल-क्रोमियम के लिए केलवारडबरी सख्यपाली में 20.00 वर्ग किमी वेदांता लिमिटेड को जनवरी 2027 तक अनुज्ञप्ति। ग्लुकोनाइट नार्थ आफ अर्जुन्दा सरायपाली में 6.00 वर्ग किमी पोददार डायमण्ड लिमिटेड को सितंबर 2027 तक लीज पर दिया गया है।

