8.65 करोड़ की ऑनलाइन ठगी का मामला : भिलाई का साइबर ठग गिरफ्तार

8.65 करोड़ की ऑनलाइन ठगी का मामला : भिलाई का साइबर ठग गिरफ्तार


🔴खैरागढ़ छुईखदान गंडई पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त

सीजी न्यूज ऑनलाइन 11 जुलाई 2026। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने ₹8.65 करोड़ से अधिक की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में भिलाई के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार साहू उर्फ राहुल साहू (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-12, रामनगर मुक्तिधाम, सरस्वती चौक, सुपेला, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 519/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस ने 9 जुलाई को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से ऑनलाइन माध्यम से साइबर ठगी कर करीब ₹8,65,16,376 की राशि विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई थी। इस मामले में पहले भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना जारी है।

केसीजी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।