बालोद में क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद, पुलिस जांच में जुटी

बालोद में क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद, पुलिस जांच में जुटी


🔴एनएच-30 पर नाकेबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई

सीजी न्यूज ऑनलाइन 27 मई 2026। बालोद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद हुंडई क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद मामला संदेह के घेरे में आ गया है और पुलिस अब नकदी के स्रोत तथा उसके इस्तेमाल को लेकर जांच में जुट गई है।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ी गई कार

जानकारी के अनुसार थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन भारी मात्रा में नकदी लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहन क्रमांक CG-24-T-9998 को रोक लिया।

कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान अमित जैन (42 वर्ष) निवासी बालोद और लच्छू ठाकुर (38 वर्ष) निवासी ग्राम तरौद, जिला बालोद के रूप में हुई।

तलाशी में निकले 65 लाख रुपए

पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और गवाहों की मौजूदगी में कार की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। जब पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से रकम के संबंध में पूछताछ की तो वे कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके।

टैक्स चोरी और हवाला एंगल की जांच

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह मामला टैक्स चोरी, अवैध नकदी परिवहन या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। अब जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि क्या यह रकम काले धन का हिस्सा है और दोनों आरोपी किसी संगठित गिरोह या हवाला नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।

कार समेत नकदी जब्त, पूछताछ जारी

पुलिस ने 65 लाख रुपये नकद के साथ हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज Abhishek Shandilya के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक Yogesh Kumar Patel, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी ममता अली शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।