57 निवेशकों से ठगी, अंतर्राज्यीय ठग भोपाल से गिरफ्तार

57 निवेशकों से ठगी, अंतर्राज्यीय ठग भोपाल से गिरफ्तार


🔴 चार राज्यों में अपराध दर्ज, दुर्घटना बीमा का लुभावना सपना दिखाकर की थी ठगी

भिलाई नगर 23 जुलाई। दुर्घटना बीमा का लुभावना सपना दिखाकर 57 निवेशकों से करीब 14 लाख रुपए की ठगी के फरार आरोपी को दुर्ग पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। कंपनी के विरुद्ध मध्यप्रदेश, गुजरात, बिहार और राजस्थान में मामले दर्ज हैं। छावनी पुलिस आरोपी को 2 दिन तक पुलिस रिमाण्ड लेकर पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस प्रवक्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पद्मश्री तंवर  ने बताया कि छावनी थाना क्षेत्र में टुलिप ग्लोबल प्रायवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आरोपी प्रकाश चंद जैन ने प्रार्थी को दुर्घटना बीमा का लुभावना सपना दिखाकर निवेश करने पर ज्यादा लाभ मिलने का आश्वासन दिया था। प्रार्थी से 3500 रूपये जमा करने पर 3 वर्ष मे 35 लाख रूपये मिलेगा व अन्य लाभ भी मिलेगा बोलकर लगभग 57 निवेशको से 13,97,000 रूपये का निवेश कराया गया था । मामले में थाना छावनी में धारा 420, 34, ईनामी चिटफंड एवं धन परिचालन स्कीम  अधिनियम 1978 की धारा 3, 4, 5 कायम कर विवेचना में लिया गया। टुलिप ग्लोबल चिटफंड कम्पनी का नाम टुलिप ग्लोबल प्रायवेट लिमिटेड जयपुर मे 2008 के नाम से खोला गया था। टुलिप ग्लोबल प्रयवेट लिमिटेड कम्पनी अजमेर, दुर्ग, इंदौर , हरियाणा , भोपाल, जयपुर एवं अन्य जगहों पर अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। आरोपी प्रकाश चंद जैन पिता जमुना लाल जैन पता जयपुर के बनाए गए कंपनी को राजस्थान सरकार द्वारा बैन कर दिया गया था। प्रकरण के अन्य आरोपी प्रभुदयाल उजाला (49 वर्ष ) निवासी उजाला भवन स्टेशन रोड दुर्ग थाना मोहननगर मनोज सोनी( 45 वर्ष) निवासी शास्त्री मार्केट शाँप नं. 91 ए भिलाई थाना छावनी, सुरेश सोनी (45 वर्ष ) निवासी रवि दास नगर कैम्प 02 भिलाई के विरुद्ध पूर्व में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी टुलिप ग्लोबल प्रायवेट कम्पनी के डायरेक्टर प्रकाश चंद जैन वर्तमान मे थाना एसटीएफ के अपराध मे भोपाल जेल मे निरूद्ध था जिसे न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट जारी करा कर कल न्यायालय पेश किया गया।  जिसे न्यायालय से अनुमति लेकर गिरफ्तार किया गया । पूछताछ के लिए थाना छावनी मे दो दिन पर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया है ।  इस कारवाई में थाना प्रभारी थाना छावनी उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पाण्डेय, उप निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह, सउनि विनय कुमार रजक, आरक्षक नितिन सिंह की टीम शामिल है।