सिविक सेंटर में लाखों की उठाईगिरी करने वाले 3 आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
भिलाई नगर, 11 जनवरी। पुलिस ने दो दिन पहले मॉन्यूमेंट पार्क सिविक सेंटर के पास स्कूटर की डिक्की से हुई 7 लाख रूपये की उठाई गिरी का खुलासा आज किया है। शनिवार की शाम सराफा व्यवसायी रीतेश कुमार सोनी एचडीएफसी बैंक में रूपये जमा करने के लिये 7 लाख रूपये, कंगना ज्वेलर्स के नाम की चेक बुक व चांदी के गणेश की मूर्ति एक बैग में भरकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रख निकला था। बैन बंद होने की वजह से वह सेक्टर 6 मॉन्यूमेंट पार्क के पास गाड़ी खड़ी कर कुछ देर के लिये अपनी दोस्त के साथ पार्क में बैठा था। जब वापस आया तो देखा कि गाड़ी का डिक्की खुली है और बैग गायब। जानकारी बाद पुलिस ने कुछ पुराने चोर किस्म के लड़कों के द्वारा ज्यादा मात्रा में पैसे खर्च करते देखे जाने पर सुपेला पुलिस के कुछ जवानों ने उन्हें पकड़ा।
सूचना की तस्दीकी के लिए तत्काल दो पुलिस के जवान सादे ड्रेस में उन लड़को के पीछे लग गए थे तथा उन्होंने देखा कि संदिग्ध लड़के शराब दुकान के पास घंटों शराब स्वयं भी पी रहे और दोस्तों को भी पिला रहे हैं। संदेह के आधार पर उनमें से एक पुराने चोर रीतिक सिंग उर्फ कालू को पूछताछ के लिये उठाया गया। जिले के अन्य थानों में हाल में कोई बड़ी चोरी, लूट, उठाईगिरी आदि घटना के विषय में जानकारी एकत्र की गई। रीतिक सिंग उर्फ कालू के पास उस वक्त तकरीबन 38 हजार नगदी थे। पूछताछ पर उन पैसों के विषय में कालू जितनी भी जानकारी देता गया पुलिस उसकी तस्दीक करती चली गई। पर उसकी कोई बात सही साबित नहीं हुई। पुलिस को यकीन हो गया कि किसी न किसी वारदात से पैसे आये हैं। कालू से कड़ाई से पूछताछ आरंभ की गई तब वह आखिरकार वह टूट गया और उसने दिनांक 8 जनवरी की शाम सिविक सेंटर मॉन्यूमेंट पार्क के पास की डिक्की तोड़ कर दो अन्य साथी हेमंत कुमार एवं श्याम कुमार के साथ पैसे व अन्य सामान की चोरी करने की बात कबूल की। दोनो अन्य लडके हेमंत कुमार एवं श्याम कुमार को बुलाकर पूछताछ किया गया तो उन्होने वारदात साथ मे मिलकर करना और वारदात में मिले रूपये आपस मे बँटवारा कर लेना और बैग सहित चेक बुक व मूर्ति को प्रियदर्शनी नगर अंडर ब्रिज के पास झाड़ियों मे फेकना बताया। पुलिस ने तीनों आरोपियो के बयान के आधार पर कुल 6 लाख 700 रूपये जब्त किये। आरोपियो ने अपने साथी सीनू टकरिया और श्याम कुमार को भी पैसे छिपाने के लिये दिये थे, जिन्हें बरामद कर उन्हें भी इस मामले में गिरप्तार किया गया है ।

