चूडे़ की चमक से प्रभावित महिला को 40 हजार का चूना, आरोपियों को तलाशने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
भिलाई नगर, 4 मार्च। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक महिला जेवरात चमकाने वाले गिरोह की ठगी का शिकार हो गई है। आरोपियों ने चांदी का चूड़ा साफ कर उसे दिया तो उसकी चमक से प्रभावित महिला ने सोने के टाॅप्स दे दिए। मामले की रिपोर्ट पर वैशाली नगर पुलिस ने कल रात धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि सुंदर नगर में 83/बी निवासी श्रीमती कृष्णा गुप्ता पति स्व. कृपा शंकर गुप्ता (55 वर्ष) कल घर पर ही थी तभी दो लोग गेट से अंदर आकर कहने लगे की लाइए सामान साफ कर के दिखाते हैं। उन्होंने पहले तांबे का बर्तन मांगा और देने पर उसे साफ कर दिया। फिर चांदी का चूड़ा चमका कर उन्होंने कृष्णा को वापस कर दिए। अब सोने का सामान मांगा तो एक जोड़ी सोने का टाॅप्स साफ करने के लिये उन्हे दिया। उन लोगों ने एक बर्तन में कुछ पीला पाउडर डाल कर दो चम्मच हल्दी मांगी और उसे पानी में डाल टाॅप्स भी घोल में रख कृष्णा को उसे गैस पर गर्म करने कहा। पांच मिनट गर्म करने के बाद टाॅप्स को निकाल लेना कह कर वो लोग चले गए। जब कृष्णा ने बर्तन को देखा तो सोने के टाप्स बर्तन में नहीं थे। रिपोर्ट पर पुलिस आस-पास के सीसीटीवी में आरोपियों की फुटेज खंगाल रही है।

