छत्तीसगढ़ में सुबह नक्सलियों से मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर 🟠 एके-47 एलएमजी जैसे आटोमेटिक हथियार जब्त 🟢 19 को चुनाव पूर्व बड़ी सफलता

छत्तीसगढ़ में सुबह नक्सलियों से मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर 🟠 एके-47 एलएमजी जैसे आटोमेटिक हथियार जब्त 🟢 19 को चुनाव पूर्व बड़ी सफलता



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 2 अप्रैल।‌ छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। फायरिंग में जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। गोलीबारी रुकने के बाद मौके से मारे गए नक्सलियों के शव समेत एके-47, एलएमजी जैसे ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है।
आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि फिलहाल जवान मौके पर ही मौजूद हैं। इलाके में सर्चिग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना के साथ, इस साल अब तक बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में 37 नक्सली मारे गए हैं। बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरचोली और लेंड्रा के जंगल में भारी संख्या में गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सली मौजूद हैं। सूचना पर बीजापुर से डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा, बस्तर फाइटर्स, बस्तरिया बटालियन और सीएएफ के जवानों को सोमवार रात संयुक्त ऑपरेशन पर निकाला गया था और आज सुबह जवान नक्सलियों के कोर इलाके में पहुंचे जहां नक्सलियों से उनकी मुठभेड़़ हो गई। दोनों तरफ से करीब 45-50 मिनट तक गोलीबारी हुई। हालांकि, जंगल की आड़ लेकर नक्सली भागने में कामयाब हो गए। जब मुठभेड़ रुकी, तो जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया जिसमें 4 नक्सलियों के शवों को बरामद किया गया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार समेत अन्य सामान मिला है।