“ऑपरेशन विश्वास” के तहत 6.89 ग्राम चिट्टा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

“ऑपरेशन विश्वास” के तहत 6.89 ग्राम चिट्टा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 25 फरवरी 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत थाना छावनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 6.89 ग्राम सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोटर सायकल, तीन मोबाइल फोन और नगद राशि सहित कुल ₹1,48,500 की सामग्री जप्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान, कैम्प-02 क्षेत्र में कुछ युवक सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा) बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 6.89 ग्राम चिट्टा, एक मोटर सायकल, तीन मोबाइल फोन और नगद ₹500 बरामद किया गया। जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹1,48,500 बताई गई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

थाना छावनी में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C), 21(A) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. करन सिंह उर्फ टेटू (29 वर्ष), निवासी अटल आवास हाउसिंग बोर्ड, 32 एकड़ भिलाई
  2. रविन्द्र सिंह (24 वर्ष), निवासी जवाहर नगर अटल आवास
  3. अयान अली (22 वर्ष), निवासी संग्राम चौक, 18 नंबर रोड भिलाई
  4. लक्ष्मण चौधरी (29 वर्ष), निवासी जवाहर नगर बॉम्बे आवास

नेटवर्क की जांच जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा नशा बिक्री की पुष्टि हुई है। पुलिस अब चिट्टा के सप्लाई नेटवर्क, पेडलर और कोरियर की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थ गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।