व्हाट्सएप मैसेज के बाद खाते से 4.02 लाख पार, भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज

व्हाट्सएप मैसेज के बाद खाते से 4.02 लाख पार, भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज



भिलाई, 27 फरवरी 2026। सेक्टर-6 भिलाई निवासी एक 55 वर्षीय व्यक्ति के बैंक खाते से 4 लाख 2 हजार 728 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार क्वार्टर नंबर 3-ई, स्ट्रीट नंबर 85, सेक्टर-06 निवासी संजय कुमार झा (55 वर्ष) ने थाना भिलाई नगर में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 24 फरवरी 2026 को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके व्हाट्सएप पर “हाय” लिखकर मैसेज आया। पूछताछ करने पर सामने वाले ने मैसेज गलती से भेजे जाने की बात कही।
इसके अगले दिन 25 फरवरी को सुबह लगभग 11 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने का संदेश प्राप्त हुआ। संदेह होने पर वे बैंक पहुंचे और स्टेटमेंट निकलवाया, जिसमें उनके खाते से कुल 4,02,728 रुपये डेबिट होना पाया गया।
प्रार्थी का बैंक खाता Canara Bank की के.पी.एस. चौराहा, नेहरू नगर शाखा में है। उन्होंने आशंका जताई है कि जिस व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया था, उसी के माध्यम से उनके खाते से धोखाधड़ी की गई है।
लिखित आवेदन के अवलोकन पर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबर एवं ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से आए मैसेज या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से पहले सतर्क रहें तथा संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें।