🟩 4 से पूछताछ में परत दर परत खुलेंगे राज, कसेगा वन बाई वन शिकंजा
🟪 छत्तीसगढ़ में कोल और शराब घोटाले में अब तक 2️⃣2️⃣2️⃣ करोड़ की सम्पत्ति अटैच
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 2 अप्रैल। कोयला घोटाले केस में रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद निलंबित आईएएस रानू साहू और सौम्या चौरसिया से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम जेल में जाकर पूछताछ करेगी। रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने 4 से 7 अप्रैल तक के लिए दोनों से पूछताछ की अनुमति दी है।
आपको बता दें कि ईडी के प्रतिवेदन के बाद 17 जनवरी को एंटी करप्शन ब्यूरो ने कोयला घोटाला मामले में FIR दर्ज की थी। जिसके बाद लगातार ईओडब्ल्यू और एसीबी ने जांच शुरू की थी। इससे पहले इस मामले में जेल में बंद आरोपी निलंबित आईएएस समीर विश्नोई, शिवशंकर नाग और सूर्यकांत तिवारी से पूछताछ की जा चुकी है।
गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ में कोयला घोटाले मामले में ईडी के प्रतिवेदन पर एसीबी और ईओडब्ल्यू ने छत्तीसगढ़ सरकार के दो पूर्व मंत्रियों, विधायकों सहित 36 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की और एसीबी की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के जिन पूर्व मंत्री, विधायक सहित 36 लोगों के नाम एफआईआर में हैं, उनमें कुछ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी भी हैं।
विदित हो कि कवासी लखमा विधायक और पूर्व आबकारी मंत्री फिलहाल बस्तर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं जबकि एफआईआर सूची में शामिल भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव बिलासपुर से लोकसभा प्रत्याशी हैं। इसके अतिरिक्त अमरजीत भगत पूर्व खाद्य मंत्री, बृहस्पत सिंह पूर्व विधायक, गुलाब कमरो पूर्व विधायक, शिशुपाल सोरी, पूर्व विधायक, चंद्रदेव प्रसाद राय पूर्व विधायक, यूडी मिंज पूर्व विधायक, समीर विश्नोई निलंबित आईएएस, रानू साहू, निलंबित आईएएस, सौम्या चौरसिया पूर्व उप सचिव सीएम कार्यालय, संदीप कुमार नायक सहायक खनिज अधिकारी, शिवशंकर नाग खनिज अधिकारी, सूर्यकांत तिवारी कोल कारोबारी, मनीष उपाध्याय, रौशन कुमार सिंह, निखिल चंद्राकर, राहुल सिंह, पारिख कुर्रे, मोइनुद्दीन कुरैशी, वीरेंद्र जायसवाल, रजनीकांत तिवारी, हेमंत जायसवाल, जोगिंदर सिंह, नवनीत तिवारी, दीपेश टांक, देवेंद्र डडसेना, राहुल मिश्रा, रामगोपाल अग्रवाल तत्कालीन कोषाध्यक्ष कांग्रेस, राम प्रताप सिंह तत्कालीन प्रवक्ता कांग्रेस, विनोद तिवारी पीईपी, इदरीश गांधी पीईपी, सुनील कुमार अग्रवाल, जय, चंद्रप्रकाश जायसवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी शामिल हैं। ईडी ने अब तक कारोबारी सूर्यकांत तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सचिवालय में काम करने वाली अधिकारी सौम्या चौरसिया, आईएएस समीर विश्नोई समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 222 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है और इस पूरे मामले की जांच जारी है।
आपको बता दें कि ईडी की टीम छत्तीसगढ़ में कोल और शराब से जुड़े स्कैम मामले की जांच कर रही है वह करीब 2500 करोड़ रुपए से ज्यादा का है। इसमें कई आईएएस अफसरों पर शिकंजा कसा जा चुका है, कई कारोबारी भी जेल में हैं। अब इसमें पूर्व मंत्री और विधायक भी फंसते दिखाई दे रहे हैं। कोर्ट से पूछताछ की अनुमति मिलने के बाद परत दर परत यह मामला और इसमें संलिप्तता स्पष्ट होते होते नामजद आरोपियों पर शिकंजा भी कहता चला जाएगा। अब रानू साहू और सौम्या चौरसिया क्या क्या राज खोलेंगी यह 4 अप्रैल से जांच टीम को मालूम होता जाएगा।

