दुर्ग, 07 जुलाई 2026। पुलगांव थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जांच पूरी होने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। युवक की मौत हादसे के दो दिन बाद उपचार के दौरान हुई थी।
काम से लौटते समय हुआ था हादसा
पुलिस के अनुसार मृतक डेविड धनकर (22 वर्ष) निवासी ग्राम ओडारसकरी, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद 31 मई 2026 की रात अपने काम से मोटरसाइकिल (CG-07-AU-5922) से घर लौट रहा था। रात करीब 8:30 बजे चंद्रखुरी स्थित हनुमान मंदिर के पास मेन रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे में गंभीर रूप से घायल डेविड को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां से शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 2 जून 2026 की रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट से मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) को मौत का कारण बताया गया। मर्ग जांच के दौरान परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान तथा चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की लापरवाही से हुई थी।
अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
जांच पूरी होने के बाद पुलगांव पुलिस ने 6 जुलाई की रात अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125ए, 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
वाहन चालक की तलाश जारी
पुलिस अब दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

