दुर्ग जिले में 343 लावारिस दोपहिया वाहनों की होगी नीलामी

दुर्ग जिले में 343 लावारिस दोपहिया वाहनों की होगी नीलामी


🔴दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी

दुर्ग, 22 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के विभिन्न थाना परिसरों में वर्षों से खड़े लावारिस एवं ला-दावा 343 दोपहिया वाहनों के निराकरण की प्रक्रिया पुलिस ने पूरी कर ली है। वास्तविक स्वामियों की तलाश, सार्वजनिक सूचना और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन वाहनों की नियमानुसार नीलामी शुरू की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न प्रकरणों एवं परिस्थितियों में बरामद किए गए कई दोपहिया वाहन लंबे समय से थाना परिसरों में खड़े थे। इससे थाना परिसरों में जगह का उपयोग प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों और पुलिस कर्मचारियों के आवागमन में भी असुविधा हो रही थी।

दुर्ग पुलिस ने वाहनों के वास्तविक स्वामियों एवं वैध दावेदारों की पहचान के लिए अभिलेखों की जांच की तथा संभावित स्वामियों और उनके परिजनों से संपर्क किया। इसके अलावा विभिन्न समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर निर्धारित अवधि में वैध दस्तावेजों के साथ दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। निर्धारित अवधि में 343 वाहनों के संबंध में किसी वैध स्वामी या दावेदार ने स्वामित्व का दावा प्रस्तुत नहीं किया।

इसके बाद आवश्यक अभिलेखीय एवं दावा-आपत्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी कर धारा 28 पुलिस एक्ट के तहत एएसटीसी के माध्यम से इन 343 दोपहिया वाहनों की नीलामी की कार्रवाई शुरू की जा रही है।

नीलामी में लूना, स्कूटी, स्कूटर, पल्सर, होंडा सीडी-100, पैशन, सीबी-जेड, टीवीएस स्पोर्ट, स्टार सिटी सहित विभिन्न कंपनियों और मॉडलों के वाहन शामिल हैं।

इस कार्रवाई में रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा तथा रक्षित केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने वाहनों के अभिलेखों की जांच, संभावित स्वामियों की जानकारी जुटाने, सार्वजनिक सूचना जारी कराने, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और नीलामी से संबंधित वैधानिक एवं दस्तावेजी कार्यवाही पूरी की।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का नीलामी में शामिल किसी वाहन पर वैध स्वामित्व संबंधी दावा है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाना भिलाई नगर में संपर्क कर अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से वाहन खरीदते समय उसके स्वामित्व, पंजीयन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है।