🔴बैंक में राशि जमा करने की फर्जी ई-मेल भेजकर अधिकारियों को करता रहा गुमराह, गबन के पैसों से खरीदा डेढ़ लाख का मोबाइल जब्त
भिलाईनगर, 06 सितंबर 2026। हाईटेक अस्पताल की नकद राशि में करीब 32 लाख रुपये के गबन के मामले में सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने अस्पताल के कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अस्पताल की नकद राशि बैंक में जमा नहीं करने और अधिकारियों को राशि जमा किए जाने की फर्जी जानकारी ई-मेल के माध्यम से देकर गुमराह करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन की रकम से खरीदा गया Samsung कंपनी का करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार हाईटेक अस्पताल, भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृति नगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में करीब छह वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत जसविंदर सिंह (46) निवासी 122/डी रुआबांधा सेक्टर, भिलाई, द्वारा अस्पताल की राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और बैंक में राशि जमा किए जाने संबंधी रिकॉर्ड की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया करीब 32 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन सामने आया। इसके बाद सुपेला थाना, स्मृति नगर चौकी में अपराध क्रमांक 1301/2026, धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
फर्जी ई-मेल से छिपाता था गबन
विवेचना में सामने आया कि आरोपी कैशियर के पद का लाभ उठाकर अस्पताल की नकद राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने कब्जे में रखता था। इसके बाद अस्पताल के संबंधित अधिकारियों को राशि बैंक में जमा किए जाने की फर्जी जानकारी ई-मेल के माध्यम से भेजता था, ताकि वास्तविक वित्तीय स्थिति का पता न चल सके।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके द्वारा गबन की राशि के इस्तेमाल के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद आरोपी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गबन की राशि से खरीदा गया Samsung कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये है, जब्त किया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
वित्तीय लेन-देन में नियमित सत्यापन की अपील
दुर्ग पुलिस ने व्यवसायिक संस्थानों से अपील की है कि संस्थान की वित्तीय राशि के लेन-देन और बैंक में जमा राशि का नियमित रूप से मिलान एवं सत्यापन करें। किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी या गबन की जानकारी सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

