भिलाई नगर, 27 सितंबर। खुर्सीपार में एक थोक किराना व्यावसायी से 3 लाख की लूट कर तीन अज्ञात आरोपी भाग निकले हैं। लुटेरों ने व्यावसायी के घर के सामने ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर लूट को अंजाम दिया है। घटना के समय पीड़ित का ड्राइवर ने चीख-पुकार मचाता रहा लेकिन जब तक लोग इकट्ठा हो पाते, आरोपी भाग निकलने में सफल रहे। 21 सितंबर की रात हुई इस वारदात के 5 दिन बाद खुर्सीपार थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 394 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
खुर्सीपार एएसआई वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्लाट-5, सड़क-8 दीनदयालपुरम खुर्सीपार निवासी शिव कुमार अग्रवाल की नेताजी सुभाष मार्केट में थोक किराना दुकान है। उनका ड्रायवर कुलेश्वर सुबह 9 बजे उन्हें दुकान ले जाता है तथा रात दुकान बंद कर घर लाता है। शिव अग्रवाल को दिखाई नहीं देता है। दुकान के ऊपर ही उनके पुत्र कुबेर नारायण का आफिस है। कुबेर ने रिपोर्ट दर्ज करवायी है कि 21 सितंबर की रात वह घर में भोजन कर रहे थे तभी सवा 9 बजे शोरगुल सुन वो बाहर आए तो देखा ड्रायवर जोर से चिल्ला रहा है और उसके पिता कार के पास बेहोश पेड़ हैं। कुबेर पिता को ले रात में ही ड्रायवर के साथ गायत्री हास्पिटल दुर्ग में पिता को उपचारार्थ भर्ती कराया। ड्रायवर ने बताया कि दुकान बंद कर वो घर तक कार से पहुंचे और जैसे ही वह घर का बेल बजाने आया। 25 से 30 वर्ष के तीन युवक शिव अग्रवाल से छीना झपटी करते उन्हें धक्का देते हुए बैग छीन रहे हैं। कुलेश्वर चिल्लाते हुए उधर दौडा़ तब तक शिव नीचे गिर गए।
कुलेश्वर ने बयान दिया है कि एक लड़का गाड़ी के पास खडा था और दो लड़के काला रंग का बैग छीनने का प्रयास किए। एक लड़का शिव को डरा धमकाकर धक्का देकर जमीन पर गिरा बैग छीन कर तथा अन्य दो लड़कों के साथ वहां से दौड़ते हुए भाग गया। धक्का देने से शिव कुमार अग्रवाल के नाक और बांया कंधा में चोट आई है। छीनाझपटी करने वाला लड़का लोवर और टी-शर्ट पहना हुआ था अन्य दो लडके की उम्र करीबन 20-25 वर्ष के बीच है। उनमे से एक लडका नीला फूल शर्ट एवं नीला जींस और दूसरा लडका काला फूल शर्ट पहने हुए था। शिव कुमार ने होश आने पर कुबेर से बताया कि अज्ञात लड़के डरा धमकाकर उन्हें जमीन मे गिरा बैग ले भागे हैं। बैग में 3 लाख नगर और दुकान की चाबी थी। पुलिस बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थोक किराना व्यापारी से 3 लाख की लूट, हुलिए के आधार पर तलाश में जुटी खुर्सीपार पुलिस, ड्रायवर चीखता रहा तीन लुटेरे व्यवसायी को गिरा बैग ले भागे

