Durg में 2 मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, 20 वर्षीय युवक की मौत

Durg में 2 मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, 20 वर्षीय युवक की मौत


🛑शिवनाथ नदी ओवरब्रिज से उतरते समय हुआ हादसा, पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ की FIR

दुर्ग, 05 नवंबर 2026। पुलगांव थाना क्षेत्र में आनंद मंगलम रिसॉर्ट के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 20 वर्षीय युवक युवराज ढीमर की मौत हो गई। हादसा 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवराज ढीमर पिता गोपाल ढीमर, निवासी गंजपारा वार्ड क्रमांक 37, दुर्ग, अपने ठेकेदार की मोटरसाइकिल क्रमांक CG07CF2461 से ग्राम महमरा में मजदूरों को छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान शिवनाथ नदी ओवरब्रिज से उतरकर आनंद मंगलम के सामने पहुंचने पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG07AN9068 के चालक ने कथित रूप से तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवराज के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।

मर्ग जांच के बाद अपराध दर्ज

पुलगांव पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 139/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की गई। मृतक के परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने पाया कि सामने से आ रही मोटरसाइकिल के चालक की टक्कर से युवराज के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हुई।

पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG07AN9068 के चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0969/2026, धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

मामले में आरोपी चालक की भूमिका और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।