ट्रांस फैटी एसिड जांच के लिए कैलाश नगर कुरूद क्षेत्र से लिए गए 2 सैंपल, दुर्ग जिले में नमूना एकत्रित करने का अभियान जारी रहेगा 14 तक
दुर्ग 3 अगस्त। खाद्य तेलों में ट्रांस फैटी एसिड की जांच के तहत आज भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के द्वारा कैलाश नगर कुरूद भिलाई क्षेत्र से खाद्य तेल के 2 सैंपल एकत्रित किए गए हैं । होटल रेस्टोरेंट ढाबा में कई बार इस्तेमाल किए जाने वाले तेल एवं सील बंद तेल के पैकेट के सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं।
ट्रांस फैटी एसिड सबसे खतरनाक प्रकार का फैट होता है जो मानव शरीर पर किसी भी अन्य आहार घटक की तुलना में अत्यधिक प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इस फैट को बड़े पैमाने पर कृत्रिम रूप से उत्पादित किया जाता है, यह बहुत की कम मात्रा में प्राकृतिक रूप में भी पाए जाते हैं। जब तेल को रिफाइंड करने के लिए बार-बार गरम किया जाता है, तो उसमें ट्रांस फैटी एसिड की मात्रा बढ़ जाती है। दुर्ग जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य तेलों की गुणवत्ता को लेकर सैंपलिंग का अभियान शुरू किया है जो कि 14 अगस्त तक जारी रहेगा। आज कैलाश नगर कुरूद भिलाई क्षेत्र एक ढाबा एवं एक सुपर बाजार से सील बंद पैकेट के सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारी के द्वारा एकत्रित किए गए हैं ।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग अधिकारियों ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा खाद्य तेलों की गुणवत्ता एवं शुद्धता जांच के संबंध में निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले के जितने भी स्थानीय व ब्रांडेड कंपनी के तेल निर्माता व विक्रेता हैं, उनके यहां से तेल का सैंपल कलेक्ट किया जाएगा। इसके बाद सभी सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा ने बताया कि एक अगस्त से विभिन्न सोर्स जैसे सरसों, मूंगफली, सोयाबीन, सूरजमुखी, राइस ब्रान से मिलने रिफाइंड आयल व वनस्पति तेल बिक्री के लिए बनाए गए नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अब अगस्त माह से बाजार में खुला खाने का तेल बिना जांच एप्रुवल के नहीं बिकेगा। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम खाद्य तेलों का व्यापार करने वाले व्यापारियों के यहां से उसमें ट्रांस फैटी एसिड की मात्रा जांचने व मिलावट की रोकथाम के लिए एक तेल का दो सर्विलांस नमूना लेगी। इसमें स्थानीय ब्रांड व ब्रांडेड कंपनियों के नमूने लिए जाएंगे। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य बाजार में खुले में बिक रहे मिलावटी खाद्य तेलों पर अंकुश लगाना तथा खाद्य तेलों में हो रही मिलावट खोरी को रोकना है। इसी के तहत आज जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा ने नमूना सहायक कामिनी महेश्वरी के साथ कैलाश नगर कुरूद में आज तो सैंपल चिल्ड पैक खाद्य तेलों के एकत्रित किए गए हैं जिसमें से रंगला पंजाब ढाबा से सुपर लाइफ हेल्थ सोयाबीन ऑयल एवं गुडविल सुपर बाजार कैलाश नगर से सनफ्लावर राइस ब्रांड का सैंपल एकत्रित किया गया है।

