डीयू में केन्द्रीय मूल्यांकन में पांच दिनों में 15 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकित, बीएड एवं एमएड के परीक्षा परिणाम 10 जून तक संभावित

डीयू में केन्द्रीय मूल्यांकन में पांच दिनों में 15 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकित, बीएड एवं एमएड के परीक्षा परिणाम 10 जून तक संभावित


दुर्ग 28 मई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में चल रहे सेमेस्टर परीक्षाओं के केन्द्रीय मूल्यांकन के प्रथम चरण में बीएड एवं एमएड के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के उत्तरपुस्तिकाओं के केन्द्रीय मूल्यांकन के दौरान विगत 05 दिनों में 15 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकित हो चुकी है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के केन्द्रीय मूल्यांकन के प्रभारी, डॉ. दिनेश नामदेव एवं उपकुलसचिव, राजेन्द्र कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतिदिन विश्वविद्यालय में लगभग 50 से अधिक विशेषज्ञ प्राध्यापक बीएड एवं एमएड की उत्तरपुस्तिकाओं का निरंतर मूल्यांकन कर रहे है।

सह मूल्यांकन केन्द्र प्रभारी, हिमांशु शेखर मंडावी तथा दिग्विजय कुमार ने बताया कि मूल्यांकन के तत्काल पश्चात् प्रतिदिन प्राप्तांक कम्प्यूटर पर अपलोड किये जा रहे है। जिससे बीएड एवं एमएड के परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित किये जा सकें। कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने परीक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर 10 जून तक बीएड एवं एमएड के परीक्षा परिणाम घोषित करने के निर्देश दिये हैं। इस बीच विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के कुल 26 परीक्षा परिणाम घोषित किये जा चुके हैं। आज विश्वविद्यालय द्वारा एमकॉम पूर्व तथा एमकॉम अंतिम के नतीजे घोषित किये गये। एमकॉम पूर्व में 53 प्रतिशत् विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे जबकि एमकॉम अंतिम में 88 प्रतिशत् विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किये गये।

विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है तथा विश्वविद्यालय प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि 10 जून तक अधिकांश परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये जाये। परीक्षा विभाग पहले स्नातक स्तर के तथा स्नातकोत्तर स्तर की अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम जारी करने हेतु प्रयासरत् है। जिससे विद्यार्थी किसी प्रतियोगी परीक्षा अथवा अन्य शिक्षण संस्थानों में बिना किसी परेशानी के शामिल हो सके। डॉ. पटेल ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं में लगभग 10 नकल के प्रकरण दर्ज हुए है। वार्षिक परीक्षाओं में दर्ज नकल के प्रकरणों पर विश्वविद्यालय द्वारा गठित प्राध्यापकों की विषयवार समिति विचार कर रही है तथा इनके परीक्षा परिणाम भी शीघ्र जारी किये जायेंगे।