मैत्री गार्डन वाटर प्लांट के पास मिला 12 फुट लंबा खतरनाक अजगर, रैस्क्यू टीम ने आज शिवनाथ तट पर छोडा़

मैत्री गार्डन वाटर प्लांट के पास मिला 12 फुट लंबा खतरनाक अजगर, रैस्क्यू टीम ने आज शिवनाथ तट पर छोडा़



भिलाई नगर, 16 सितंबर। मरोदा स्थित जल शोधन केंद्र के समीप कल रात 12 फुट लंबा अजगर को रैस्क्यू कर शिवनाथ नदी दुर्ग के पास सुरक्षित छोड़ दिया गया है। पकडा़ गया यह विशालकाय अजगर लगभग 15 किलो वजनी है।
कल रात भिलाई के मैत्रीबाग के समीप स्थित जल उद्यान शोधन केंद्र में एक विशाल अजगर देखकर सुरक्षा गार्ड दहशत में आ गया। उसने तत्काल इसकी सूचना प्लांट अधिकारियों को दी और स्नेक कैचर को फोन किया। रैस्क्यू के दौरान अजगर काफी गुस्से में दिखा नतीजतन उसने टीम पर कई बार हमला भी किया लेकिन ट्रेनिंग की बदौलत टीम के लोग अजगर से बचने में कामयाब रहे। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत बाद अजगर को पकड़ बोरी में बंद कर सुरक्षित रखा गया। मौके पर समुचित प्रकाश व्यवस्था न होने से टीम को काफी असुविधा भी हुई। बाइक व टॉर्च की रोशनी इस अजगर सांप का रैस्क्यू किया गया।
मैत्री गार्डन क्षेत्र के वाटर प्लांट में कल रात 10 बजे गार्ड संजय दत्ता ने अजगर को देखा। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर राजा मौके पर पहुंचे लेकिन जहां अजगर देखा गया वहां काफी अंधेरा था। दो-तीन बाइक को स्टार्ट कर उसकी हेड लाइट और गार्ड से टार्च मंगवा कर रौशनी की गयी। टीम ने बताया कि यह अजगर मुख्यतः पानी वाले क्षेत्रों में पाया जाता है इसलिए उसे आज शिवनाथ नदी दुर्ग तट पर सुरक्षित छोड़ दिया गया है हालांकि इस अजगर में जहर नहीं होता लेकिन ये एक बड़ा शिकारी सांप होता है। यह इंसान या जानवर को अपने शरीर से लपेट लेता है और इसके बाद उसकी हड्डियां तोड़ मारने के बाद उसे निगल जाता है।