सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 12 जुलाई। ग्रेटर नोएडा में बागेश्वर वाले बाबा पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में आज भीड़ ज्यादा होने से भगदड़ मच गई। गर्मी उमस होने से कई लोग बेहोश हो गए। 10 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के वक्त कार्यक्रम में 5 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे।
आपको बता दें कि दरबार में आज अर्जी लगाने की होड़ मची थी। भीड़ बेकाबू हो गई और अफरा-तफरी मच गई। वीआईपी पास से पीछे छोटे से गेट से एंट्री करवाई जा रही थी, वहां पर बिजली के तार होने से एक महिला को करंट लगा है। घायल हुए लोगों में ज्यादातर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हैं फिलहाल पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है। यहां कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने तीन पंडाल लगाए थे और तीनों भर गए। पंडाल के बाहर भी भक्तों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में वीवीआईपी पास जारी किए गए थे लेकिन भीड़ को देखते हुए वीआईपी एंट्री पहले ही बंद कर दी गई थी।

दोपहर 12 बजे से पहले ही दिव्य दरबार में पांच लाख से अधिक लोग पहुंच चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का दिव्य दरबार में आना लगातार जारी रहा। धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गए। स्थिति को देख पुलिस ने श्रद्धालुओं से दिव्य दरबार के समाप्त होने की बात कही और श्रद्धालुओं से घर जाने का अनुरोध किया। लोगों से कहा गया कि वे घरों से ही प्रवचन सुनें। टीवी पर उनका कार्यक्रम आ रहा है। आयोजकों ने कहा कि यहां हमारे और प्रशासन के अनुमान से ज्यादा लोग आ गए। उसी की वजह से थोड़ी दिक्कत हुई, अब सब कुछ ठीक है। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के इमरजेंसी विभाग की डॉक्टर रुचि सिंह ने बताया कि तीन महिलाओं और एक पुरुष को यहां भर्ती किया गया था, जिसमें से एक महिला को इलाज के बाद वापस भेज दिया गया है। भीड़ में घुटन की वजह से चार लोगों को परेशानी हुई थी। अस्पताल में भर्ती तीनों मरीज की हालत अब स्थिर है, उन्हें भी आज शाम घर भेज दिया जाएगा।

इससे पहले दिव्य दरबार में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत में जितने भी हली-उ -उल्लाह करने वाले हैं, वो सुन लें। अब तुम्हारी यह फूंकने और फेंकने वाले चमत्कार बंद हो जाएंगे क्योंकि हम तुम्हारी ठठरी बांधने वाले हैं। अगर तुम में दम है तो कभी भी आ जाना, हम तुम्हारे बारे में इतना बताएंगे कि तुम अपनी लुगाई को भी मुंह नहीं दिखा पाओगे। जो लोग फूंक मारकर पाखंड करते हैं, वो ये सब बंद कर दें। सनातन से बड़ी कोई शक्ति नहीं है। जो लोग इसे अंधविश्वास मानते हैं और कहते हैं कि भगवान नहीं है, उन लोगों को मेरा खुला चैलेंज है, वह कभी भी आकर बात कर लें, उनकी पूरी पोल पट्टी खोल दूंगा। धीरेंद्र शास्त्री का दरबार यहां 16 जुलाई तक लगा रहेगा।

