सेक्टर-5 में बाइक सवार केटरर का रास्ता रोक चाकू से हमला, जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 25 अगस्त। सेक्टर-5 स्थित 7 मिलियन चौक के पास पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार का रास्ता रोक आरोपी आशीष यादव और उसके साथियों ने केटरर पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। भिलाई नगर पुलिस ने इस मामले में धारा 294, 323, 34, 341, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि खिलेंद्र सिंह नागेंद्र (24 वर्ष) निवासी जलाराम चौंक नेवई भांठा प्राईवेट कैटरिंग काम करता है। वह कल अपने भाई मयंक एवं दोस्त शिवा के साथ मोटर सायकल क्रमांक सीजी 04 जीएच 0269 से सुपेला घड़ी चौक अंडरब्रिज होते हुए घर वापस आ रहा था तभी 7 मिलियन टन चौक के पास आशीष यादव और उसके साथियों ने मिलकर उनका रास्ता रोक लिया और पुरानी बात को लेकर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आशीष ने अपने पास रखे चाकू से नागेंद्र के सीने पर वार कर दिया। लहूलुहान नागेंद्र ने थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

