बाढ़ में फंसे 5 लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने निकाला बाहर, दुर्ग धमधा सहित चार मार्गो पर आवागमन बंद,
दुर्ग 11 अगस्त । दुर्ग जिले में भारी बारिश के बाद जिले के सभी नदी नाले उफान पर हैं। जिसके कारण दुर्ग धमधा, दुर्ग गंडई, दुर्ग जालबांधा, दुर्ग बेरला मार्ग पुल के ऊपर से शिवनाथ नदी का पानी बहने के कारण बंद है। जबकि कोनारी भरदा ग्राम में बाढ़ में फंसे 3 लोगों को रेस्क्यू कर एसडीआरएफ की टीम ने आज सुरक्षित स्थान में पहुंचाया। इसके अलावा ग्राम डंडेसरा में भी बाढ़ में फंसे 2 लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान में पहुंचा दिया गया।

जिला बाढ़ नियंत्रण प्रभारी एवं ज्वाइंट कलेक्टर योगिता देवांगन ने बताया कि शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण धंधा डिवीजन में कई पुल एवं कुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। जिसके कारण दुर्ग धमधा दुर्ग गंडई दुर्ग जालबांधा एवं दुर्ग बिरला मार्ग आज सुबह से ही बंद हो गए हैं मां को मार्ग के पुल पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है जिसके कारण आवागमन दोनों ही ओर से लगभग बंद हो गया है।

नगर सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोनारी भरदा में बाढ़ के कारण 3 मजदूर फंसे हुए थे । जिन्हें आज एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू के पश्चात बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है । पुलगांव थाने के सहायक उपनिरीक्षक श्री साहू ने बताया कि तीन मजदूरों में सोमन लाल ठाकुर निवासी ग्राम भरदा, शार्दुल यादव पश्चिम बंगाल एवं पारसनाथ यादव उत्तर प्रदेश को एसडीआरएफ की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया। श्री साहू ने बताया कि तीनों ही मजदूर शिवनाथ एवं आमनेर नदी के संगम स्थल पर निर्माणाधीन पुल पर कार्य कर रहे थे। पानी का स्तर बढ़ने के कारण तीनो ही मजदूर भयभीत होकर वहीं फंसे हुए थे। जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला गया है। शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण छोटे पुल से ढाई फीट ऊपर पानी बह रहा है। नदी का पानी गुरुद्वारे के गेट तक पहुंच गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दुर्ग पुलिस के द्वारा नदी के आसपास जाने से लोगों को रोकने के लिए बल की तैनाती भी की गई है। ताकि किसी भी अनहोनी घटना से बचा जा सके।

नगर सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्ग डिवीजन में ही ग्राम डंडेसरा में भी दो लोगों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर दोनों ही लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया। ग्राम डंडेसरा दुर्ग में रात्रि से शिवनाथ नदी के किनारे सूखा नाला में भुट्टा बाड़ी में फँसे पति और पत्नी रमेश कुमार उम्र 30 वर्ष और रामपति उम्र 24 वर्ष को दुर्ग एसडीआरएफ द्वारा सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

