🟦 अब नहीं चुभेगी सुई,को वैक्सीन और को विशील्ड ले चुके लोग भी इस वैक्सीन को ले सकते हैं
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 23 दिसंबर। चीन में जारी कोरोना कहर के बीच भारत बायोटेक की नेजल वैक्सीन को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। यह नाक में दी जाने वाली वैक्सीन (nasal vaccine india) है और अब नाक में दो बूंद डालने से ही कोरोना बेअसर हो सकता है। को वैक्सीन और को विशील्ड ले चुके लोग भी इस वैक्सीन को ले सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नेजल कोरोना वैक्सीन को आज से ही कोरोना वैक्सीनेशन प्रोग्राम में शामिल कर लिया गया है। भारत बायोटेक की नेजल वैक्सीन का नाम iNCOVACC रखा गया है। पहले इसे BBV154 कहा गया था, इसे नाक के जरिए शरीर में पहुंचाया जाएगा. इसकी खास बात यह है कि शरीर में जाते ही यह कोरोना के इन्फेक्शन और ट्रांसमिशन दोनों को ब्लॉक करती है। इस वैक्सीन में इंजेक्शन की जरूरत नहीं पड़ती, इसलिए इससे चोट लगने का खतरा नहीं है। साथ ही हेल्थकेयर वर्कर्स को भी खास ट्रेनिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गौरतलब हो कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 164 नए केस सामने आए हैं, जबकि 9 लोगों की मौत हो गई. इनमें 2 मौतें महाराष्ट्र और एक मौत दिल्ली में हुई, बाकी की 6 मौतें केरल में हुई हैं. देश में कोरोना के कुल मामले 4 करोड़ 46 लाख 77 हजार 903 हो गए हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 5 लाख 31 हजार 925 हो चुकी है। वहीं, 4 करोड़ 41 लाख 30 हजार 223 लोग ठीक हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय नए साल और आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कोरोना वायरस के लिए आज एक नई सलाह जारी कर सकता है।

