🔴गला पकड़कर छीना Realme मोबाइल, सुपेला पुलिस ने दर्ज किया मामला
भिलाईनगर, 15 अगस्त 2026। कैम्प-01 के तीन दर्शन मंदिर क्षेत्र में रात के समय पैदल टहल रहे एक व्यक्ति से दो अज्ञात युवकों ने गला पकड़कर मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तीन दर्शन मंदिर, कैम्प-01 निवासी सिद्धार्थ खोब्रागढ़े (44 वर्ष) चश्मा बेचने का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे खाना खाने के बाद वे पैदल टहल रहे थे। चंद्रा मौर्या ओम साईराम घर के सामने पहुंचने पर सामने से दो युवक पैदल आते दिखाई दिए। दोनों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई गई है।
इसी दौरान एक युवक ने अचानक उनका गला पकड़ लिया। पीड़ित ने अपना गला छुड़ाने का प्रयास किया, तभी दूसरे युवक, जिसने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी, ने उनके हाथ से Realme कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है, जबरदस्ती झपट लिया।
मोबाइल लेकर दोनों आरोपी भागने लगे। पीड़ित ने उनका पीछा करते हुए ‘पकड़ो-पकड़ो’ चिल्लाया, लेकिन दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह दोनों आरोपियों को पहचान सकता है। घटना की जानकारी उसने अपनी पत्नी को भी दी।
पीड़ित ने अपने स्तर पर मोबाइल की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार से सलाह के बाद 13 अगस्त को सुपेला थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
सुपेला पुलिस ने प्रार्थी सिद्धार्थ खोब्रागढ़े की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1173/2026, धारा 304 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

